मध्य प्रदेश में लॉकडाउन का आज नौवां दिन है। इंदौर में गुरुवार को एक और मौत हुई। यहां 65 साल की महिला ने दम तोड़ दिया। इसके साथ राज्य में मौत का आंकड़ा बढ़कर सात हो गया है। इंदौर में चार और उज्जैन में दो और खरगोन में एक व्यक्ति की जान जा चुकी है। संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले इंदौर में हैं। यहां बुधवार देर रात 12 और मरीजों की कोरोनावायरस संक्रमण की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके साथ ही शहर में संक्रमितों की संख्या 75 हो गई। इनमें से 56 में संक्रमण के सोर्स का पता नहीं चल पाया। हालात गंभीर होते जा रहे हैं।
उधर, भोपाल में पुराने शहर में अभी भी लोग लॉकडाउन का पालन नहीं कर रहे हैं। हालांकि, शहर को चार जोन में बांटा गया है और लोगों को एक से दूसरे इलाके में जाने की मनाही है। पुलिस उन जमातियों को भी खोज रही है, जिन्होंने दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित मरकजी मस्जिद के धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। ये जमातें यहां की कई मस्जिदों में रुकी थीं और धर्म प्रचार के लिए बस्तियों में घूमी थीं। बुधवार रात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने जमातों की ट्रैवल हिस्ट्री जल्द पता लगाने के आदेश दिए। आज पूरे प्रदेश में जमातों में आए लोगों के बारे में पता लगाए जाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
सरकार ने इंदौर में स्वास्थ्य विभाग की टीम पर हमले को भी गंभीरता से लिया। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य आयुक्त प्रतीक हजेला को हटा दिया। आईएएस फैज अहमद किदवई को नया स्वास्थ्य आयुक्त बनाया है। उधर, भिंड-ग्वालियर में टोटल लॉकडाउन के बीच रात में कई बस्तियों में दुकानें खुलीं और बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई। हालांकि, गुरुवार सुबह से पुलिस ने दूध की सप्लाई के बाद सख्ती दिखानी शुरू कर दी। प्रदेश में अब तक 98 संक्रमित पाए गए। इनमें इंदौर 75, उज्जैन, 6, खरगोन 1, जबलपुर 8, भोपाल 4, ग्वालियर-शिवपुरी 2-2 के संक्रमित शामिल हैं। 7 संक्रमितों की मौत हो चुकी। इंदौर 4, उज्जैन 2 और एक खरगोन का रहने वाला था।
भोपाल जिले का सबसे बड़ा थोक बाजार गुरुवार से रविवार तक के लिए बंद कर दिया गया। यह फैसला व्यापारियों ने आपसी सहमति से लिया। इससे शहर में जरूरी सामान की किल्लत हो सकती है। यह वही इलाका है, जहां विदेशी जमातों के मूवमेंट के बारे में जानकारी मिली है। प्रशासन यहां अभी तक लोगों से लॉकडाउन का पालन नहीं करा पाया है। पुराने शहर के बुधवारा, इतवारा, जुमेराती, ऐशबाग इलाके में अभी लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं।