मध्यप्रदेश में रविवार को टोटल लॉकडाउन है। ऐसे में गलियों से लेकर मुख्य रास्तों पर सन्नाटा पसरा है। किराने की दुकान से लेकर शराब दुकानों तक को बंद किया गया है। अनलॉक-1 के बाद पहली बार प्रदेश में एक दिन के लिए कर्फ्यू लगाया गया है। सिर्फ जरूरत की सेवाओं को ही बहाल रखा गया है। इधर, राजधानी के सबसे बड़े हॉटस्पाॅट इब्राहिमगंज में आज से 7 दिन का टोटल लॉकडाउन शुरू हो गया है। लोगों ने दो दिन पहले ही जरूरत के सभी सामान अपने घरों में रख लिए थे। हालांकि, इस इलाके में नगर निगम की टीम जरूरत पड़ने पर जरूरत के सामान की सप्लाई करेगी।
सुबह से ही राजधानी समेत प्रदेशभर में पुलिस और प्रशासन की टीमें सक्रिय हो गईं। भोपाल में कलेक्टर के आदेश पर सुबह 5 बजे से रात 10 बजे तक कर्फ्यू लगा दिया गया है। ऐसे में पुलिस के 200 से अधिक चेकिंग पाॅइंट लगाए गए हैं। इसके साथ कई प्रमुख मार्गों- जेके रोड से मिनाल के रास्ते अयोध्या बायपास को जाने वाले और भेल के कई रास्तों को बंद कर दिया गया है। लोगों को घर से बाहर नहीं निकलने की हिदायत देने के लिए मोबाइल वैन से अनाउंसमेंट भी कराया जा रहा है।
मध्यप्रदेश में ऑनलॉक-2 में लोग ज्यादा बेपरवाह हो गए। सोशल डिस्टेसिंग तो छोड़ों मास्क तक नहीं पहन रहे थे। छुट्टी होने पर लोग परिवार के साथ घूमने तक निकलने लगे थे। ऐसे में रविवार को प्रदेश में टोटल लॉकडाउन करने का निर्णय लिया गया। अब बेवजह नहीं निकल सकेंगे। जिला कलेक्टरों ने कर्फ्यू लगाने के आदेश जारी कर दिए हैं। बिना कारण घूमने पर कार्रवाई की जाएगी। मेडिकल इमरजेंसी, शवयात्रा की अनुमति है।
प्रदेश में शनिवार को संक्रमण के 544 नए केस सामने आए। यह अब तक का एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। राहत की बात ये है कि वर्तमान में कुल एक्टिव केस की संख्या कुल स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या से कम है। अभी एक्टिव केस 3878 हैं, तो 12679 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। अब तक 474461 सैंपल जांचे जा चुके हैं। इनमें 17201 पॉजिटिव मिले हैं। इस हिसाब से पॉजिटिविटी रेट 3.62% है।