अनलॉक 2 के बाद मध्य प्रदेश में कोरोना बेकाबू हो गया है। इसका संक्रमण लगातार बढ़ रहा है, प्रदेश स्तर पर 31 जुलाई तक हर संडे लॉकडाउन करने के निर्णय के बाद अब स्थानीय प्रशासन भी शहरों और जिलों को फिर लॉकडाउन करने की तरफ बढ़ रहे हैं। राजधानी भोपाल में जहां फिर से लॉकडाउन करने की चर्चा जोर पड़ रही है। एक-दो दिन में लॉकडाउन लगाया जा सकता है। वैसे भी ज्यादा संक्रमित इलाके इब्राहिमगंज को 7 दिन के लिए बंद किया गया है।
वहीं ग्वालियर में क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक में सभी सदस्यों ने शहर में 7-10 दिन तक टोटल लॉकडाउन करने पर सहमति जताई है। इस संबंध में प्रस्ताव कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने प्रमुख सचिव गृह को भेज दिया है। एक-दो दिन इस पर फैसला हो जाएगा। वहीं शिवपुरी कलेक्टर ने शहर को 19 जुलाई तक लॉकडाउन करने का आदेश जारी कर दिया है। कलेक्टर अनुग्रह पी ने सभी व्यापारियों और दुकानदारों से बातचीत के बाद ये आदेश पारित किया है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण रोकने के लिए उत्सवों पर सार्वजनिक झाकियां नहीं लगाई जाएंगी। धार्मिक स्थलों, उपासना स्थलों पर एक बार में 5 से अधिक व्यक्ति इकट्ठे नहीं होंगे। शादी, सगाई आदि में दोनों पक्षों के 10-10 व्यक्ति से अधिक सम्मिलित नहीं होंगे। जन्मदिन आदि उत्सवों में 10 से अधिक व्यक्ति शामिल नहीं होंगे। मुख्यमंत्री ने सोमवार को मंत्रालय में वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में कोरोना की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि कोरोना संक्रमण रोकने के लिए घर पर ही आगामी त्यौहार मनाएं। देव प्रतिमा घर पर ही स्थापित कर पूजा-अर्चना करें। सार्वजनिक स्थलों पर प्रतिमा स्थापित करने, त्योहार मनाने की अनुमति नहीं होगी।