नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 6 लाख 64 हजार 764 हो गई है। यह आंकड़े covid19india.org के हैं। महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या 2 लाख के पार हो चुकी है। राज्य में अब तक 8,671 मौतें हो चुकी हैं जबकि संक्रमितों की कुल संख्या 2 लाख 64 है। शनिवार को राज्य में 7074 नए मरीज सामने आए जबकि 295 मौतें हुईं। यह जानकारी राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने दी है। इसके मुताबिक, राज्य में एक्टिव केसों की संख्या 83,295 है।
इससे पहले, शनिवार को बिहार के मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि सीएम नीतीश कुमार का कोरोना टेस्ट किया गया है। हाल ही में वे बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह से मिले थे। शुक्रवार को सिंह का कोरोना टेस्ट किया गया था। शनिवार को उनकी टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद सभापति के संपर्क में आए अधिकारियों को भी सावधानी के तौर पर कोरोना टेस्ट करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि देश में अब तक 11 हजार 300 वेंटिलेटर बनाए गए हैं। इनमें से 6154 वेंटिलेटर अस्पतालों को सौंप दिए गए हैं। वहीं, पूरे देश में 1.02 लाख ऑक्सीजन सिलेंडर की सप्लाई की गई है।
लॉकडाउन के करीब 3 महीने बाद आज दिल्ली की जामा मस्जिद लोगों के लिए खोल दी गई। शाही इमाम सयैद अहमद बुखारी ने बताया कि मस्जिद सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक खुली रहेगी। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाएगा।
इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने शनिवार को बताया कि देश में अब तक 95 लाख 40 हजार 132 से ज्यादा टेस्ट हो चुके हैं। 3 जुलाई को 2 लाख 42 हजार 383 टेस्ट किए गए।
कर्नाटक सरकार ने बताया कि 25 जून से 3 जुलाई तक सेकंडरी स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (एसएसएलसी) एग्जाम में बैठे 32 स्टूडेंट्स कोरोना पॉजिटिव मिले। इसके अलावा, 80 छात्रों को क्वारैंटाइन किया गया है। 3 जुलाई तक राज्य में 7.60 लाख स्टूडेंट्स ने परीक्षा दी।
बेंगलुरु के कमिश्नर ने सड़क किनारे एंबुलेंस के इंतजार में जान गंवा देने वाले कोरोना मरीज के परिजन से मुलाकात कर माफी मांगी। मृतक की पत्नी ने बताया कि उनके पति को कोरोना संक्रमण हुआ था। घर में ही उनका इलाज चल रहा था। पिछले दिनों सांस लेने में दिक्कत हुई तो उन्होंने अस्पताल में एंबुलेंस के लिए फोन किया। दो घंटे तक इंतजार करने के बाद भी एंबुलेंस नहीं आई तो वह पति के साथ सड़क किनारे इंतजार करने लगी। मगर कोई ऑटो वाला भी नहीं रूका। इस दौरान उनके पति की सड़क किनारे ही मौत हो गई।