मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल की मस्जिदों में आज (शनिवार) पांच-पांच लोगों ने ही ईद की नमाज अदा की। मस्जिदें सूनी रहीं। लोगों ने घर पर ही ईद की नमाज अदा कर एक-दूसरे को फोन पर बधाई दीं। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ईद उल अजहा पर प्रदेश के सभी मुस्लिम भाई-बहनों को मुबारकबाद दी। इधर, प्रदेश में कोरोना का संक्रमण बढ़ता ही जा रहा है। इंदौर 120 और भोपाल 168 में शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को नए केस बढ़ गए। अब प्रदेश में इन दोनों के आंकड़े मिलने के बाद कुल संक्रमितों का आंकड़ा 32,094 पर पहुंच गया है। हालांकि इनमें अभी शेष जिलों के कोरोना पॉजिटिव की संख्या आना बाकी है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर लिखा- ‘मेरे सभी मुस्लिम भाई-बहनों को ईद उल अज़हा की बहुत-बहुत मुबारकबाद। त्योहार सानंद मनाएं, लेकिन कोरोना से सावधान रहें। साफ-सफाई का ध्यान रखें और घरों में ही नमाज अता करें। बधाई, शुभकामनाएं।
भोपाल में फिर 168 नए केस आए
भोपाल में शुक्रवार को 166 संक्रमित मिले थे, जबकि शनिवार सुबह इनकी संख्या 168 हो गई है। राजधानी में 10 दिन का संपूर्ण लॉकडाउन का आज 8वां दिन है, लेकिन कोरोना की रफ्तार कम होने की जगह बढ़ती जा रही है। अब यहां पर 6697 कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। अब तक संक्रमण से 176 लोगों की जान जा चुकी है।
इंदौर जिले में 120 मामले नए
इंदौर जिले में कोरोना संक्रमण के 120 नए मामले आए हैं। अब तक कुल 138076 जांच रिपोर्ट आ चुकी हैं। इनमें शुक्रवार को 1897 सैंपलों में से 120 कोरोना संक्रमित मिले। संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 7448 हो गई है। मृतकों की संख्या 312 हो गई है।
पूर्व मंत्री पीसी शर्मा भी कोरोना संक्रमित निकले
कांग्रेस नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद यहां चिरायु अस्पताल में भर्ती हो गए हैं। शर्मा ने कल देर रात ट्वीट के जरिए कहा कि वे कोरोना संक्रमित निकले हैं और अस्पताल में भर्ती हो रहे हैं। शर्मा ने उनके संपर्क में आए लोगों से जांच कराने का अनुरोध किया है। चिरायु अस्पताल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी पिछले शनिवार से भर्ती हैं। इसके अलावा राज्य के मंत्री अरविंद भदौरिया, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत और अनेक विधायक कोरोना संक्रमण के चलते यहां अस्पताल में भर्ती हैं। राज्य के इंदौर निवासी मंत्री तुलसीराम सिलावट और एक अन्य मंत्री राम खेलावन भी कोरोना संक्रमण के शिकार होने के चलते इलाज करवा रहे हैं।